RAIPUR BOMB ATTACK | कबीर नगर में बमबाजी से दहशत

रायपुर. रायपुर के कबीर नगर इलाके में आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश में कुछ बदमाश एक परिवार के घर पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने घर के बाहर बम जैसे पटाखे फेंके, जिससे जोरदार धमाका हुआ और पूरे घर में धुआं भर गया। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी डरकर घरों से बाहर निकल आए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य युवक रात करीब 1 बजे घर पहुंचे थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। गेट बंद होने की वजह से आरोपी अंदर नहीं घुस सके, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कबीर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर लिया। अब पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



