CG BREAKING | 12 साल बाद टी संवर्ग को प्राचार्य पद, 1222 शिक्षकों की पदस्थापना
रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में टी संवर्ग (व्याख्याता, व्याख्याता एलबी और प्रधान पाठक मिडिल स्कूल) के शिक्षकों के लिए लम्बे संघर्ष के बाद आखिरकार प्राचार्य पद पर पदस्थापना का रास्ता साफ हो गया है। 12 साल बाद मिली इस बड़ी सफलता के तहत 29 अगस्त को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 1222 पदोन्नत प्राचार्यों के पदस्थापना आदेश जारी करने की अनुमति दी। विभाग ने देर रात तक सभी आदेश जारी करने की तैयारी कर ली है।
सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए विशेष व्यवस्था
स्कूल शिक्षा विभाग ने 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले प्राचार्यों को विशेष राहत देते हुए तय किया है कि उन्हें 30 अगस्त को ही कार्यभार ग्रहण करा दिया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश भेज दिए गए हैं।
पदोन्नति प्रक्रिया और रिक्त पद
विभाग ने 30 अप्रैल 2025 को कुल 1335 व्याख्याताओं और प्रधान पाठकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नत किया था। इनमें से 113 अधिकारी या तो सेवानिवृत्त हो गए या उनका निधन हो गया। ऐसे में अब 1222 पदोन्नत प्राचार्यों के पदस्थापना आदेश जारी किए जा रहे हैं।
संघर्ष और संगठनों की भूमिका
इस पदोन्नति की प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस और छत्तीसगढ़ प्राचार्य पदोन्नति फोरम की सक्रिय भूमिका रही। संगठन के प्रांताध्यक्ष और फोरम के संयोजक अनिल शुक्ला ने 28 अगस्त को मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर आदेश शीघ्र जारी करने का आग्रह किया था। मंत्री ने आश्वासन दिया था और अब यह वादा पूरा हो गया है।
लंबी लड़ाई के बाद सफलता
प्राचार्य पदोन्नति फोरम ने इस प्रक्रिया को लेकर संचालनालय से लेकर हाईकोर्ट तक संघर्ष किया। फोरम के अनिल शुक्ला, राकेश शर्मा, आर.के. झा, श्याम कुमार वर्मा और मलखम वर्मा ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, सचिव, संचालक लोक शिक्षण और उप संचालक के सहयोग से यह ऐतिहासिक निर्णय संभव हुआ है।



