INDIAN KILLED USA | अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या …

जींद। हरियाणा के जींद जिले के बराह कला गांव के युवक कपिल की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार को कैलिफोर्निया में हुई, जहां कपिल 2022 से एक स्टोर में काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, एक अमेरिकी शख्स सड़क किनारे पेशाब कर रहा था। कपिल ने उसे ऐसा करने से रोका तो आरोपी भड़क गया और पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर गिर पड़ा। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रविवार को कपिल के चाचा को इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने अमेरिकी पुलिस से मामले की पुष्टि की। कपिल अपने परिवार का इकलौता वारिस था, जिससे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कपिल के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। अमेरिका में छुट्टी होने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है। शव को भारत लाने में लगभग 15 दिन का समय लग सकता है।



