BIJAPUR IED ATTACK | बीजापुर में माओवादी IED हादसा, महिला साथी को छोड़ भागे नक्सली …

बीजापुर, 4 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ के कोर नक्सल क्षेत्र बीजापुर में मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में एक महिला माओवादी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसके अन्य नक्सली साथी हथियार लेकर मौके से भाग गए और घायल महिला को जंगल में तड़पता छोड़ दिया।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मद्देड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल माओवादी को जंगल से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घायल माओवादी की पहचान गुज्जा सोढ़ी के रूप में हुई है। वह पिछले 6–7 वर्षों से मद्देड़ एरिया कमेटी में सक्रिय थी और एसीएम कन्ना बुच्चना के साथ पार्टी सदस्य के रूप में काम कर रही थी। उसके पास 12 बोर का हथियार था।
सुरक्षा बलों ने बताया कि यह घटना माओवादी आतंरिक विफलता और निर्मम सोच का उदाहरण है, जहां अपने ही साथियों को हादसे में मरने के लिए छोड़ दिया गया। पुलिस पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही है।



