JNU STUDENT UNION ELECTION | जेएनयू चुनाव में वामपंथी लहर, चारों पदों पर कब्जा

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्र संघ चुनाव में वामपंथी गठबंधन ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। गठबंधन ने चारों प्रमुख पद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पर कब्जा जमाया है।
अध्यक्ष पद पर अदिति मिश्रा ने जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के विकास पटेल को 414 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर के गोपिका ने एबीवीपी की तान्या कुमारी को 1236 वोटों से मात दी।
महासचिव पद पर सुनील यादव ने राजेश्वर कांत दुबे को 74 वोटों से पराजित किया, जबकि संयुक्त सचिव पद पर दानिश अली ने एबीवीपी के अनुज दमारा को 229 वोटों से हराया।
इस जीत के साथ वामपंथी गठबंधन ने जेएनयू में अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया है। गठबंधन ने समावेशी और लोकतांत्रिक जेएनयू बनाए रखने के मुद्दे पर चुनाव लड़ा था, जबकि एबीवीपी ने राष्ट्रवाद और प्रदर्शन के एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला कड़ा किया।
मतगणना के दौरान झड़प –
गिनती के दौरान कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मतगणना स्थल पर वामपंथी गठबंधन के समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक हुई, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत काबू में कर लिया।
वोटों का पूरा ब्योरा –
अध्यक्ष: अदिति मिश्रा (वामपंथ) – 1861 | विकास पटेल (एबीवीपी) – 1447
उपाध्यक्ष: के गोपिका (वामपंथ) – 2966 | तान्या कुमारी (एबीवीपी) – 1730
महासचिव: सुनील यादव (वामपंथ) – 1915 | राजेश्वर कांत दुबे (एबीवीपी) – 1841
संयुक्त सचिव: दानिश अली (वामपंथ) – 1991 | अनुज दमारा (एबीवीपी) – 1762
इस नतीजे से एक बार फिर साफ हो गया कि जेएनयू में वामपंथी छात्र संगठनों का प्रभाव बरकरार है और उसे चुनौती देना एबीवीपी के लिए अभी भी कठिन बना हुआ है।



