chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG BREAKING | मक्का प्लांट पर हमला, 700 से ज्यादा ग्रामीणों का हंगामा!

 

कोंडागांव। जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट पर 700–800 ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। लाठी-डंडे और पत्थरों से लैस लोगों ने प्लांट परिसर में घुसकर ऑफिस में तोड़फोड़ की और कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 10 से 20 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट (वेस्ट) उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश भड़क गया।

गुरुवार रात हुए हमले के बाद शुक्रवार सुबह भी ग्रामीणों ने दोबारा प्लांट में घुसने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। स्थिति को देखते हुए कांकेर से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है। प्लांट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। कुछ ग्रामीण दूर से गुलेल से भी हमला कर रहे हैं।

महाराष्ट्र से आए एक ड्राइवर ने बताया कि हमले के दौरान उसने जंगल में छिपकर जान बचाई। रातभर ग्रामीणों ने प्लांट को चारों ओर से घेर रखा और बाहरी लोगों की एंट्री रोक दी। हालात ऐसे बने कि कुछ समय के लिए पुलिस बल को भी पीछे हटना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्लांट के एमडी विनोद खन्ना पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रबंधन समय रहते शिकायतों पर ध्यान देता तो हालात इतने नहीं बिगड़ते।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रदूषण से जुड़े आरोपों की भी जांच होगी। अधिकारियों ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button