PM CONGRESS ATTACK | AI समिट पर कांग्रेस पर PM का वार

मेरठ। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने मेरठ दौरे के दौरान रैपिड रेल और मेट्रो परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम में एआई समिट को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन देश के लिए गर्व का विषय था, लेकिन कांग्रेस ने इसे “गंदी राजनीति का अखाड़ा” बना दिया।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने विदेशी मेहमानों के सामने अमर्यादित व्यवहार किया, जिससे देश की छवि को ठेस पहुंची। उन्होंने कहा, “देश की सबसे पुरानी पार्टी इतनी दिवालिया हो गई है कि वह अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।”
PM मोदी ने कहा कि एआई ग्लोबल समिट किसी पार्टी का नहीं, बल्कि देश के सम्मान का कार्यक्रम था। “कांग्रेस को मोदी से विरोध हो सकता है, भाजपा या NDA से असहमति हो सकती है, लेकिन यह देश का कार्यक्रम था,” उन्होंने कहा।
उन्होंने संसद की कार्यवाही को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्ष न तो खुद काम कर रहा है और न ही अपने सहयोगी दलों को बोलने का अवसर दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।



