chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | HIV महिला से तंज, प्रसव बाद सफाई का आरोप

 

रायपुर। जगदलपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक HIV पॉजिटिव गर्भवती महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। मामला Jagdalpur के परपा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने स्टाफ नर्स समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ ने उसके HIV संक्रमित होने की जानकारी सार्वजनिक कर दी। इतना ही नहीं, तंज कसते हुए उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। महिला का कहना है कि प्रसव के बाद उससे सफाई का काम भी कराया गया, जिससे उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा।

परिजनों ने इसे मरीज के अधिकारों और निजता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद परपा पुलिस हरकत में आई और संबंधित स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले में बस्तर पॉजिटिव नेटवर्क से जुड़े NGO कार्यकर्ताओं ने भी हस्तक्षेप किया है। संगठन का कहना है कि HIV संक्रमित मरीजों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव अस्वीकार्य है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

क्या कहता है कानून?

भारत में HIV and AIDS (Prevention and Control) Act, 2017 लागू है, जिसके तहत HIV संक्रमित व्यक्ति की पहचान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी गोपनीय रखना अनिवार्य है। बिना लिखित अनुमति HIV स्टेटस का खुलासा करना दंडनीय अपराध है। इलाज, भर्ती या प्रसव के दौरान किसी भी तरह का भेदभाव कानूनन गलत है।

साथ ही National AIDS Control Organisation (NACO) की गाइडलाइन भी कहती है कि HIV संक्रमित गर्भवती महिला को सुरक्षित और सम्मानजनक प्रसव सुविधा देना स्वास्थ्य संस्थान की जिम्मेदारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button