chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | CM के आने से पहले मंच पर हंगामा, फिर किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात

 

रायपुर। बिलासपुर जिले के रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर माहौल गरमा गया। सीएम के स्वागत के लिए उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता मंच की ओर बढ़े, लेकिन सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें निर्धारित सीमा से आगे जाने से रोक दिया।

बस फिर क्या था, रोकटोक पर कुछ कार्यकर्ता नाराज हो गए। बहस शुरू हुई और देखते ही देखते माहौल कुछ मिनटों के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि स्थिति हाथ से बाहर नहीं गई।

मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल जरूरी है। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और कार्यक्रम तय समय पर शुरू हो गया।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री साय ने 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, पुल, अस्पताल उन्नयन और सिंचाई परियोजनाएं शामिल रहीं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों की भी सौगात दी गई।

सबसे बड़ा ऐलान किसानों के लिए रहा। सीएम ने 24.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। सरकार का दावा है कि इससे कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

हल्के विवाद के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन मंच से पहले की यह हलचल पूरे आयोजन की सबसे चर्चित घटना बन गई।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button