chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

RAIPUR CRIME | भड़का युवक, TI का हाथ मरोड़ा, कंधा डिस्लोकेट

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक की दबंगई पुलिस पर ही भारी पड़ गई। ट्रैफिक हटाने के लिए समझाना गंज थाना प्रभारी को महंगा पड़ गया। नशे में धुत युवक ने बहस करते-करते टीआई का हाथ ही मरोड़ दिया, जिससे उनके कंधे में गंभीर चोट आ गई।

जानकारी के मुताबिक 14 मार्च की रात करीब 12:25 बजे गंज थाना प्रभारी सुनील दास अपनी टीम के साथ शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नमस्ते चौक के पास भारी जाम लगा हुआ था। मौके पर पहुंचकर देखा तो एक युवक ने अपनी मारुति सुजुकी कार सड़क के बीचोंबीच गलत तरीके से खड़ी कर दी थी, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था।

टीआई ने युवक को गाड़ी हटाने के लिए कहा तो वह भड़क गया। आरोपी ने दादागिरी दिखाते हुए कहा कि तुम जानते नहीं मैं कौन हूं। अपना नाम हंसु कुमार चंद्रवंशी बताते हुए वह पुलिस से उलझने लगा।

बताया जा रहा है कि समझाने के दौरान आरोपी ने टीआई सुनील दास से धक्का-मुक्की शुरू कर दी और उनका हाथ मरोड़ दिया। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और थाने ले गए।

मेडिकल जांच में पता चला कि आरोपी शराब के नशे में था। वहीं घायल थाना प्रभारी को इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके कंधे के डिस्लोकेट होने की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी हंसु कुमार चंद्रवंशी (23) निवासी बोरतराखुर्द, जिला कबीरधाम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

इधर बिलासपुर में भी पार्किंग विवाद को लेकर बड़ा हंगामा हुआ। यहां एक युवक ने छत्तीसगढ़ के डीजी पवन देव के बेटे और अधिवक्ता तेजस्व देव को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद सरकंडा पुलिस ने आरोपी सागर जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button