CHHATTISGARH | गांजा किंग की 7.66 करोड़ की संपत्ति सीज

रायपुर. रायपुर पुलिस ने गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू पर अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई कर दी है। NDPS एक्ट के तहत आरोपी की 7 करोड़ 66 लाख रुपए की चल-अचल संपत्तियां सीज कर दी गई हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रवि साहू ने गांजा तस्करी से कमाए पैसों से पत्नी, मां और बेटे के नाम पर 16 प्रॉपर्टी खरीदी थी। इनमें कृषि जमीन, मकान, प्लॉट, भवन और कमर्शियल वाहन शामिल हैं।
रवि साहू पहले ही 17 किलो से ज्यादा गांजा तस्करी मामले में 10 साल की सजा पा चुका है। उसके खिलाफ प्रदेशभर में 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुंबई के सक्षम अधिकारी ने अब इन संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश को मंजूरी दे दी है। यानी अब बिना अनुमति इन प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री या ट्रांसफर नहीं हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि रायपुर कमिश्नरेट में NDPS एक्ट के तहत यह पहली इतनी बड़ी वित्तीय कार्रवाई है और आगे भी नशे के कारोबारियों पर इसी तरह शिकंजा कसा जाएगा।



