ZOO TICKET PRICE HIKE | अब नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमना पड़ेगा महंगा

रायपुर। अगर आप नवा रायपुर के नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अब जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। छत्तीसगढ़ सरकार के वन विभाग ने जू एंट्री और सफारी टिकट की नई दरें लागू कर दी हैं, जिससे पर्यटकों का खर्च बढ़ गया है।
सबसे बड़ा झटका बच्चों और आम पर्यटकों को लगा है। 6 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 25 रुपए से बढ़कर 50 रुपए हो गया है। वहीं 12 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए एंट्री टिकट अब 50 की जगह 100 रुपए देना होगा।
विदेशी पर्यटकों के लिए भी टिकट दरों में भारी बढ़ोतरी की गई है। पहले 200 रुपए में एंट्री मिलती थी, अब इसके लिए 500 रुपए चुकाने होंगे। हालांकि 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए एंट्री अब भी मुफ्त रहेगी, लेकिन यह सुविधा वीकेंड और सरकारी छुट्टियों में लागू नहीं होगी।
वन विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई टिकट दरों से सफारी और जू की सुविधाओं को बेहतर बनाने, रखरखाव और पर्यटकों को अधिक सुविधाएं देने में मदद मिलेगी।
नंदनवन जंगल सफारी करीब 800 एकड़ में फैली है और यहां टाइगर, शेर, भालू और शाकाहारी सफारी का अनुभव मिलता है। यही वजह है कि यह प्रदेश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिनी जाती है।



