CHHATTISGARH | सोसायटी में लाइन, दुकान में खाद! किसानों का बड़ा आरोप

रायपुर। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ के कई जिलों में खाद को लेकर बवाल मच गया है। महासमुंद और राजनांदगांव में किसान सुबह से सोसायटियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रही।
किसानों का आरोप है कि सोसायटियों में खाद की कमी बताई जा रही है, जबकि वही खाद निजी दुकानों में ज्यादा कीमत पर आसानी से मिल रही है। कई किसानों ने यह भी कहा कि उन्हें तय मात्रा से कम खाद दिया जा रहा है, जिससे खेती और उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
महासमुंद की बेमचा समिति में किसान धूप में घंटों खड़े रहे। किसानों ने पेयजल और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बड़े और प्रभावशाली किसानों को पहले पर्याप्त खाद मिल रही है, जबकि छोटे किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।
वहीं प्रशासन का दावा है कि जिले में पर्याप्त उर्वरक का भंडारण है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसान संगठनों का कहना है कि नैनो खाद भेजने से काम नहीं चलेगा, इस समय किसानों को यूरिया और डीएपी की सबसे ज्यादा जरूरत है।



