JASHPUR RAIL PROJECT | दशकों पुराना इंतजार खत्म! केंद्र सरकार ने दी बड़ी मंजूरी

जशपुर. जशपुर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आजादी के बाद पहली बार जिले में रेल पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जशपुर के विकास का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक जाएगी। लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे जशपुरवासियों के लिए यह फैसला किसी सपने के सच होने जैसा माना जा रहा है।
नई रेल लाइन बनने के बाद जशपुर के पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों और धार्मिक स्थानों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। रेल लाइन के निर्माण और संचालन के दौरान भी बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
परियोजना की अधिसूचना जारी होते ही जशपुर समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ रेल लाइन नहीं, बल्कि जशपुर की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदलने वाली ऐतिहासिक सौगात है।



