CHHATTISGARH | हॉस्टल की दूसरी मंजिल से कूदा छात्र, चार गिरफ्तार!

अंबिकापुर. अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में नाबालिग छात्र के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने हॉस्टल में प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
![]()
मामला सरगवां के पास स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल का है। 22 नवंबर को नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल के कमरे में बंद किया गया था और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने FIR दर्ज कर स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR विभाग से जुड़े कुणाल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं 127(2), 351(3), 125, 239 और 3(5) के साथ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
इससे पहले भी स्कूल एक शिक्षक पर छात्र से 100 बार गाली लिखवाने के आरोप को लेकर विवादों में आया था। अब इस घटना के बाद हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।



