MUKESH CHANDRAKAR MURDER CASE | गवाहों को पैसे देकर बयान बदलवाने का आरोप

बीजापुर। बीजापुर के चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्या मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। आरोप है कि इस केस के गवाहों को पैसे और प्रलोभन देकर उनके बयान बदलवाने की कोशिश की जा रही है। इसे लेकर पत्रकार चेतन कापे वार और पवन दुर्गम ने एसपी बीजापुर को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में कहा गया है कि एक व्यक्ति ने मोबाइल पर संपर्क कर मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के पक्ष में बयान देने के बदले एक लाख रुपये देने का ऑफर दिया। साथ ही अन्य लोगों को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई।
पत्रकारों का आरोप है कि गवाहों को डराने और लालच देने की कोशिश न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की गंभीर साजिश है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि 3 जनवरी को मुकेश चंद्राकर का शव सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था, जिसके बाद इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच SIT कर रही है।



