PRSU RECRUITMENT CASE | असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर हाईकोर्ट में चुनौती!

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती अब कानूनी विवाद में घिर गई है। एम.टेक. ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक्स एवं लेजर टेक्नोलॉजी विभाग में हुई सीधी भर्ती को चुनौती देते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिका में यूजीसी रेगुलेशन 2018 के नियमों और चयनित अभ्यर्थी की पात्रता पर सवाल उठाए गए हैं।
यह याचिका डॉ. विवेक कुमार चंद्रा ने WPS No. 8001/2026 के तहत दायर की है। इस पद के लिए 30 जनवरी 2026 को इंटरव्यू हुआ था, जिसमें डॉ. अलका मिश्रा का चयन किया गया था। याचिकाकर्ता का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और पात्रता संबंधी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।
हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय से मांगा जवाब
17 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति विभु दत्ता गुरु की एकलपीठ में मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने प्रतिवादी क्रमांक 5 को प्रक्रिया शुल्क जमा करने पर सात दिनों के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया। वहीं विश्वविद्यालय को याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने की अनुमति दी गई।
अदालत ने मामले को चार सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने और विश्वविद्यालय के जवाब के लिए पांच सप्ताह बाद फिर सुनवाई करने का निर्देश दिया है।
अब इस मामले में विश्वविद्यालय का जवाब अहम होगा। आगामी सुनवाई में भर्ती प्रक्रिया और यूजीसी नियमों के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।



