chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | विधानसभा सत्र से पहले बड़ा आदेश, कर्मचारियों पर सख्ती!

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले नगरीय प्रशासन विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। विभाग के निर्देश के मुताबिक, 17 से 21 दिसंबर तक सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना न तो अवकाश लिया जा सकेगा और न ही मुख्यालय छोड़ा जा सकेगा।

प्रदेश की छठवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सदन की चार बैठकें प्रस्तावित हैं। विधानसभा से जुड़े सवालों और जरूरी दस्तावेजों के जवाब समय पर तैयार करने के लिए विभाग ने यह व्यवस्था लागू की है।

आदेश के मुताबिक, छुट्टी के दिनों में भी कार्यालयों में जरूरी कामकाज जारी रहेगा। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की ड्यूटी लगानी होगी, जो फोन कॉल और जरूरी पत्राचार संभालेगा। विधानसभा के प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचना, स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल से जुड़े मामलों के जवाब तय समय में शासन को भेजने होंगे।

विभाग ने नगरीय निकायों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए हैं। इनके नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर संचालनालय को उपलब्ध कराने होंगे।

इधर, विधानसभा की कार्यवाही को डिजिटल बनाने की तैयारी भी जारी है। इसके लिए 3 और 4 नवंबर को NeVA एप्लीकेशन के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया था। इसमें प्रश्न, समिति और एडमिन मॉड्यूल के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

अब सत्र के दौरान विभागीय अधिकारियों की उपलब्धता और समय पर जवाब भेजने पर खास नजर रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button