chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG CRITICAL MINERALS | खजाने में छिपी है लाखों करोड़ की ताकत!

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहचान अब सिर्फ कोयला और लौह अयस्क तक सीमित नहीं रहने वाली। प्रदेश में लिथियम, टिन, ग्रेफाइट, निकेल, वैनेडियम, क्रोमियम, सोना और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिजों के भंडार राज्य की आर्थिक तस्वीर बदल सकते हैं। अब तक 65 खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी हो चुकी है। सरकार के मुताबिक, इनसे अगले 50 वर्षों में करीब 4 लाख करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है।

इन खनिजों का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी, सेमीकंडक्टर और आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों में होता है। कोरबा के कटघोरा क्षेत्र में देश का पहला लिथियम एवं रेयर अर्थ एलिमेंट ब्लॉक नीलाम हुआ है। वहीं दंतेवाड़ा और सुकमा में टिन अयस्क का व्यावसायिक उत्पादन हो रहा है।

प्रदेश में बलरामपुर में ग्रेफाइट और वैनेडियम, महासमुंद में निकेल और क्रोमियम, गरियाबंद में हीरा तथा जशपुर में सोने के भंडार की संभावनाएं बताई गई हैं। राज्य में 28 से अधिक प्रकार के खनिज पाए जाते हैं।

खनिज राजस्व में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में 12,795 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 14,195 करोड़ रुपये हुआ। वहीं 2025-26 में संशोधित आंकड़ों के मुताबिक यह 16,738 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

खनन व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए सरकार ने खनिज ऑनलाइन 2.0 पोर्टल, ड्रोन निगरानी और स्टार रेटिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की हैं। अब क्रिटिकल मिनरल्स के जरिए छत्तीसगढ़ देश के औद्योगिक और तकनीकी विकास में बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी में है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button