CG BANK SCAM | सहकारी बैंक घोटाले में EOW की एंट्री, क्या अब सामने आएगा पूरा नेटवर्क?

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंक घोटाले में अब बड़ा एक्शन होने वाला है। 18.13 करोड़ रुपये के गबन मामले में 8 कर्मचारियों को नौकरी से बाहर करने के बाद अब सबकी नजर EOW की कार्रवाई पर टिक गई है। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में FIR दर्ज हो सकती है।
बरमकेला शाखा में सामने आए इस घोटाले को अब सिर्फ कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं माना जा रहा। विभागीय सूत्रों का दावा है कि इसके तार कई जिलों और सहकारी संस्थाओं तक जुड़े हो सकते हैं।
विशेष ऑडिट रिपोर्ट में धान खरीदी, उठाव और उपार्जन केंद्रों से जुड़े वित्तीय लेन-देन में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और DMR खातों के जरिए नियमों के खिलाफ हुए ट्रांजेक्शन अब जांच के केंद्र में हैं।
शाखा प्रबंधक, लेखाधिकारी और लिपिक समेत कुल 8 कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा चुका है। अब चार्जशीट की तैयारी अंतिम चरण में है और EOW की आपराधिक जांच कई नए राज खोल सकती है।
FIR दर्ज होने के बाद बैंक खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री, रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की बारीकी से जांच होगी। सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एक शाखा का खेल था या फिर प्रदेशभर में फैला कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।
EOW की एंट्री के बाद इस बहुचर्चित घोटाले में बड़े नामों के सामने आने और नए खुलासों की संभावना तेज हो गई है।



