CG DHARMANTARAN VIVAD | 7 सदस्यीय परिवार को गांव से निकाला, भारी पुलिस बल तैनात

नारायणपुर. नारायणपुर के खड़कागांव में धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आदिवासी समुदाय के लोगों ने एक परिवार पर मूल धर्म छोड़ने का आरोप लगाते हुए उन्हें गांव से बाहर कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मोहन दुग्गा के परिवार को ग्रामीणों ने गांव छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। परिवार में कुल सात सदस्य हैं, जिनमें तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत कर रहे हैं और माहौल को शांत रखने की कोशिश में जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इससे पहले भरंडा गांव में भी धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था, जहां 26 परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान सुनाया गया था। प्रशासन की मध्यस्थता के बाद उस मामले में एक महीने का समय देकर आगे बातचीत का रास्ता निकाला गया था।
प्रदेश में हाल के वर्षों में धर्मांतरण और घर वापसी को लेकर बहस तेज हुई है। कई इलाकों में सामाजिक तनाव, अंतिम संस्कार की जमीन और धार्मिक पहचान को लेकर विवाद भी सामने आ चुके हैं। कुछ मामले अदालत तक पहुंच चुके हैं।
फिलहाल खड़कागांव में हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।



