RAIPUR VISIT CANCELLED | रायपुर नहीं आएंगे रेल मंत्री, अचानक रद्द हुआ दौरा

रायपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था।
पहले रेल मंत्री का दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था। अब दौरा रद्द होने से समारोह में उनके शामिल होने की योजना पर विराम लग गया है।
राजधानी में आयोजित होने वाले इस समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति RPF की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जानी है। कार्यक्रम में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण सेरेमोनियल परेड होगी। इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा के लिए RPF अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की भी योजना है। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल हैं।
इसके अलावा तकनीकी प्रदर्शनी में ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट और अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल टूल्स CCTNS व NAFIS प्रदर्शित किए जाएंगे।



