RAIPUR WEATHER ALERT | 30 मिनट की बारिश ने बिगाड़े हालात …

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने आखिरकार अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार रात रायपुर समेत कई जिलों में ऐसी बारिश हुई कि आधे घंटे में ही सड़कें तालाब बन गईं और कई घरों में पानी घुस गया।
राजधानी रायपुर में सिर्फ 30 मिनट में 30 MM बारिश रिकॉर्ड हुई। टाटीबंध इलाके के घरों में पानी भर गया, जबकि मंडी गेट, बीजेपी कार्यालय और रोहिणीपुरम कॉलोनी में भी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अगले दो दिन मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
सुकमा, बीजापुर, बस्तर, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद, राजनांदगांव और कई अन्य जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश बाड़े बचेली में दर्ज की गई। वहीं कबीरधाम में तेज बहाव के बीच यात्रियों से भरी पिकअप रपटा पुल पर फंस गई, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
उधर, कोरबा में खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
रायपुर में रविवार को भी बादल छाए रहने और दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।


