CG BREAKING | अतिथि शिक्षकों को सरकार का अल्टीमेटम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों को स्कूल शिक्षा विभाग ने 27 जुलाई तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी DEO को निर्देश जारी कर कहा है कि हड़ताली अतिथि शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें तय समय सीमा तक स्कूल लौटने के लिए कहा जाए।
विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर अतिथि शिक्षक 27 जुलाई तक वापस नहीं लौटते हैं, तो उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था लागू की जाएगी। सरकार का कहना है कि शिक्षकों की हड़ताल के कारण नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

DPI ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शाला प्रबंधन समितियों के जरिए अतिथि शिक्षकों से संपर्क किया जाए और स्कूलों में पढ़ाई किसी भी हालत में बाधित न हो। 27 जुलाई के बाद काम पर नहीं लौटने वाले अतिथि शिक्षकों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
सरकार के इस सख्त आदेश के बाद अतिथि शिक्षकों का आंदोलन और तेज होने के आसार हैं।



