CHHATTISGARH | 60 रुपये की दवा CGMSC में 925 रुपये की! खरीदी पर उठे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक दवाओं की खरीदी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है। दावा है कि भारत सरकार की संस्था ESIC जिस दवा को 60 रुपये में खरीद रही है, उसी दवा को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) करीब 925 रुपये में खरीद रहा है। यानी कीमत में लगभग 15 गुना अंतर।
ESIC के 12 अगस्त 2026 के रेट कॉन्ट्रैक्ट में 191 दवाएं शामिल हैं। इनकी तुलना CGMSC के रेट से करने पर करीब एक दर्जन दवाओं में 8 से 15 गुना तक अंतर बताया गया है। हृदय रोग की टैबलेट 31.25 रुपये के मुकाबले 260 रुपये, कैप्सूल 31.25 के मुकाबले 340 रुपये और मधुमेह की दवा 40 रुपये के मुकाबले 548 रुपये में खरीदे जाने का दावा है।
आरोप है कि पिछले तीन साल में करीब 50 करोड़ रुपये की दवाएं ऊंची दरों पर खरीदी गईं। ESIC की दरों पर खरीदी होती तो 55 प्रतिशत से अधिक राशि बच सकती थी।
कुछ दवाओं की सप्लाई जमुना हर्बल रिसर्च लिमिटेड और जमुना फार्मास्यूटिकल्स से होने की बात कही गई है। कंपनी को पुराने कॉन्ट्रैक्ट में एक्सटेंशन देने और नई टेंडर प्रक्रिया लंबित रखने पर भी सवाल उठे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि एक रुपये की भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी।
अब सवाल है कि जांच में कीमतों का अंतर और खरीदी प्रक्रिया की जिम्मेदारी किसकी तय होगी?



