CGPSC INTERVIEW POSTPONED | इंटरव्यू से पहले क्या हुआ? 265 पदों की भर्ती अटकी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 को लेकर बड़ी खबर है। 20 सितंबर से शुरू होने वाले इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन को आयोग ने स्थगित कर दिया है।
खास बात यह है कि इंटरव्यू शुरू होने में सिर्फ चार दिन बाकी थे। आयोग ने इसके पीछे “अपरिहार्य कारण” बताया है। नई तारीखों का ऐलान बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा।
इस भर्ती के तहत 20 विभागों में कुल 265 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पहले 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रस्तावित थी।
इधर, इंटरव्यू टलने के बीच CGPSC की चयन प्रक्रिया को लेकर सियासत भी गरम है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस ने मूल्यांकन व शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इंटरव्यू टालने की मांग की थी। कांग्रेस ने अभ्यर्थियों की जांची गई कॉपियां सार्वजनिक करने, मॉडल आंसर जारी करने, पुनर्मूल्यांकन और इंटरव्यू के लिए 1:3 अनुपात का पालन करने जैसी मांगें उठाई थीं।
वहीं, BJP ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि कॉपियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा उम्मीदवारों की पहचान गुप्त रखते हुए की जाती है और आयोग ने न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित किए हैं।
अब बड़ा सवाल यही है कि 265 पदों के इंटरव्यू की नई तारीख कब आएगी और चयन प्रक्रिया आगे कैसे बढ़ेगी?
CGPSC 2025 टाइमलाइन –
प्रारंभिक परीक्षा : 22 फरवरी 2026
मुख्य परीक्षा : 2026 में आयोजित
इंटरव्यू : 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 प्रस्तावित, फिलहाल स्थगित
कुल पद : 265
विभाग : 20



