CG LEADERS SECURITY | सुरक्षा घटाने पर सियासी टकराव …

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नेताओं की सुरक्षा कम करने का फैसला अब सियासी बहस का मुद्दा बन गया है। इस मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आमने-सामने हैं। विजय शर्मा ने सुरक्षा में कटौती को नक्सलवाद खत्म होने के बाद की जरूरत बताया, वहीं भूपेश बघेल ने फैसले में भेदभाव न करने और तय नियमों का पालन करने की बात कही।
दीपावली मिलन कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब पहले जैसी सुरक्षा की जरूरत नहीं रह गई है। नक्सली कैडर का ऐसा कोई समूह नहीं है, जो एक साथ घूमकर वारदात कर सके। उन्होंने बताया कि सुरक्षा में कटौती की प्रक्रिया 31 मार्च 2026 से पहले पूरी कर ली गई थी, लेकिन एहतियात के तौर पर छह महीने तक फैसले को रोके रखा गया।
पूरी सुरक्षा नहीं हटाई जा रही : शर्मा
गृहमंत्री ने साफ किया कि नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म नहीं की जा रही, बल्कि जिनकी Z+ जैसी सुरक्षा है, उनकी श्रेणी एक स्तर कम की जा रही है। जहां सुरक्षा की जरूरत नहीं होगी, वहां इसे हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी और उनकी खुद की सुरक्षा में भी कटौती हुई है।
भूपेश बोले – नियम सबके लिए एक जैसे हों
भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सुरक्षा कम करने पर उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। फैसला तय गाइडलाइन और प्रोटोकॉल के आधार पर होना चाहिए।
वहीं, स्कूली बच्चों के नशे के मामले पर विजय शर्मा ने पुलिस कार्रवाई का दावा किया, जबकि भूपेश बघेल ने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ नशे का गढ़ बन गया है।



