CHHATTISGARH CONGRESS | कांग्रेस की नई टीम से किसका पत्ता कटा, किसकी बढ़ी ताकत?

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में राष्ट्रीय संगठन की नई सूची ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। देवेंद्र यादव और राजेश तिवारी को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, प्रदेश के पुराने प्रभारी सचिव विजय जांगिड़, एस.ए. संपत कुमार और जरिता लैतफलांग की भी छुट्टी हो गई है। उनकी जगह जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी सचिव बनाया गया है।
देवेंद्र यादव को झटका, नए चेहरों को मौका
देवेंद्र यादव से गुजरात का प्रभार वापस लिया गया है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के युवा नेता नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद्र यानी कोको पाढ़ी को ओडिशा का प्रभारी सचिव बनाया गया है। इस बदलाव को संगठन में नए चेहरों को आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
भूपेश खेमे पर भी असर?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले राजेश तिवारी को भी राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। हालांकि, उनका कार्यकाल पूरा होने की बात कही गई है। दूसरी तरफ, भूपेश बघेल को हाल ही में असम का प्रभारी बनाया गया है। ऐसे में इस फेरबदल को उनके सियासी कद में कमी मानना जल्दबाजी होगी।
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ अब नई टीम काम करेगी। कांग्रेस के इस बदलाव को प्रदेश में गुटीय संतुलन साधने और संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है। सवाल यही है कि नई टीम छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को कितना कम कर पाएगी?



