CG FILM CITY ALERT | चित्रोत्पला पर नोटिस, ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी भी निशाने पर
रायपुर। नवा रायपुर की महत्वाकांक्षी चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना की धीमी रफ्तार अब छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के लिए चिंता का विषय बन गई है। परियोजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर बोर्ड ने काम कर रही एजेंसी Eagle Studios Entertainment Limited को औपचारिक नोटिस जारी किया है।
परियोजना का पहला चरण 31 मार्च 2027 तक पूरा होना तय है, लेकिन समीक्षा में मौजूदा प्रगति को समय-सीमा के मुकाबले पर्याप्त नहीं माना गया। इसके बाद एजेंसी से डिजाइन, तकनीकी दस्तावेज, जरूरी अनुमतियां और साइट पर दिखाई देने वाली वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मामला यहीं नहीं रुका। संविदात्मक दायित्वों में कमी को देखते हुए एजेंसी की करीब ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी को इनवोक/जब्त करने की कार्रवाई के संबंध में भी नोटिस दिया गया है। संतोषजनक सुधार नहीं होने पर अनुबंध समाप्त करने समेत अन्य संविदात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी को नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में करीब 100 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य फिल्म निर्माण, शूटिंग, प्री और पोस्ट-प्रोडक्शन के साथ फिल्म पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है। जनवरी 2026 में परियोजना का भूमिपूजन किया गया था।
अब टूरिज्म बोर्ड की नजर इस बात पर है कि एजेंसी तय समय में जमीन पर कितनी तेजी से काम आगे बढ़ाती है। बोर्ड ने साफ किया है कि केवल आश्वासन नहीं, वास्तविक और सत्यापन योग्य प्रगति देखी जाएगी।



