CHHATTISGARH | सिंगापुर में CM साय का बड़ा मिशन, निवेश पर फोकस

रायपुर। सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने Gardens by the Bay के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में छत्तीसगढ़ में मास्टर प्लानिंग, सस्टेनेबल डिजाइन, उद्यान प्रबंधन, शहरी हरियाली और ईको-टूरिज्म को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा को देखते हुए सिंगापुर के अनुभवों का फायदा राज्य में बॉटनिकल गार्डन, ग्रीन स्पेस, लैंडस्केपिंग और पर्यटन विकास में लिया जा सकता है। इससे पर्यटन बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी बन सकते हैं।
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए CM
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में हिस्सा लिया। यहां निवेश, व्यापार और लंबे समय की आर्थिक साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ और हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुए।
CM साय ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया। उन्होंने औद्योगिक नीति, Ease of Doing Business, MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश के अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं और सहयोग देने के लिए तैयार है।
साय 5 अक्टूबर को SING FORUM 2026 में भी शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के साथ CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।



