ASHWINI VAISHNAW CG VISIT | रेल मंत्री आ रहे हैं, स्टेशन पर अचानक बदली तस्वीर

रायपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पहले 9 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरा अब 12 अक्टूबर तक आगे बढ़ गया है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन से लेकर खमतराई ओवरब्रिज और आयोजन स्थल तक सफाई, रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम तेजी से चल रहा है।
चप्पे-चप्पे पर अफसरों की नजर
रेल मंत्री रेलवे सुरक्षा बल के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। दौरे को देखते हुए स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। प्लेटफार्म 1 से 7 तक सफाई और चमकाने का काम चल रहा है। रेल पटरियों के आसपास की गंदगी और जंग लगे हिस्सों को भी हटाया जा रहा है।
स्टेशन की सीढ़ियों और दूसरी जगहों पर भी जरूरी मरम्मत की जा रही है। रेलवे अधिकारी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि निरीक्षण के दौरान कोई खामी नजर न आए।
खमतराई ब्रिज पर पर्दादारी
डीआरएम कार्यालय से आयोजन स्थल तक रास्ते को भी तैयार किया जा रहा है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ बांस-बल्लियों के सहारे पर्दे लगाए जा रहे हैं। आयोजन स्थल के आसपास सड़क और मैदान को व्यवस्थित करने का काम भी जारी है।
रेलवे इंस्टीट्यूट के पास बने आयोजन स्थल तक सीसी रोड तैयार हो चुकी है, जबकि मैदान के आसपास मुरम की सड़कें बनाई जा रही हैं।
नए फुटब्रिज पर लिफ्ट का काम
प्लेटफार्म-1 पर नए फुटओवरब्रिज के पास लिफ्ट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। काम के दौरान यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, खासकर ट्रेनों के आने के समय भीड़ बढ़ने पर परेशानी ज्यादा हो रही है।
स्थापना दिवस की रिहर्सल तेज
आरपीएफ स्थापना दिवस समारोह के लिए रोज परेड रिहर्सल हो रही है। वहीं आरपीएफ बैंड शहर के अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तुति दे रहा है। 7 अक्टूबर को तेलीबांधा में शाम 4:30 से 5:30 बजे तक विशेष बैंड प्रस्तुति होगी।



