INDIA VS ZIMBABWE RAIPUR | दोनों टीमें पहुंची, E-टिकट से मिलेगी एंट्री ..

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का रोमांच शुरू होने जा रहा है। भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना रविवार शाम रायपुर पहुंचीं, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सोमवार को यहां पहुंच गई। दोनों टीमें अब मुकाबलों की तैयारी में जुटेंगी।
पहली बार फुल टाइम कप्तान होंगी स्मृति
इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी, जबकि हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं। 15 सदस्यीय भारतीय टीम में ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा और अन्य प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
सीरीज के तीनों मुकाबले नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
16 अक्टूबर: पहला टी-20
18 अक्टूबर: दूसरा टी-20
20 अक्टूबर: तीसरा टी-20
सभी मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
दर्शकों के लिए खास इंतजाम
मैचों की तैयारियों के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। दर्शकों को ई-टिकट के जरिए प्रवेश मिलेगा। स्टेडियम में ओपन वाई-फाई, पार्किंग पास, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल और खानपान की व्यवस्था की जाएगी। आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार रहेगा।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने पहले स्टेडियम में मैचों को लेकर अंतरिम रोक लगाई थी। बाद में सुनवाई के बाद तीन महिला अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के लिए रोक हटा दी गई। अब रायपुर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजर मैदान पर होने वाले मुकाबलों पर है।



