chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

INDIAN RAILWAYS | ट्रेन में सफर से पहले सावधान!

 

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। अगर आप ट्रेन में सफर करते हैं, तो टिकट और पहचान पत्र साथ रखना न भूलें। रेलवे ने आरक्षित टिकटों के गलत इस्तेमाल और आरक्षण कोटे के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को 31 अक्टूबर तक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

टिकट और यात्री की पहचान का होगा मिलान

अभियान के दौरान टिकट पर दर्ज यात्री के नाम और सफर कर रहे व्यक्ति की पहचान की जांच की जाएगी। रेलवे कर्मचारियों और टीटीई को इस दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अगर टिकट के नियमों का उल्लंघन मिलता है, तो रेलवे के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

कौन-कौन से दस्तावेज रखने होंगे?

जांच के दौरान यात्रियों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य मान्य सरकारी पहचान पत्र दिखाने को कहा जा सकता है। विशेष आरक्षण कोटे के तहत यात्रा करने वालों को जरूरत पड़ने पर अपनी पात्रता से जुड़ा मूल प्रमाण-पत्र भी दिखाना पड़ सकता है।

टीटीई ऐप से भी होगी जांच

रेलवे ने टिकटों की सत्यता जांचने के लिए टीटीई ऐप के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है। अभियान में अनारक्षित और जनरल टिकटों की जांच भी की जाएगी, ताकि गलत तरीके से इस्तेमाल किए जा रहे टिकटों की पहचान हो सके।

निर्देश के मुताबिक, सभी जोनल रेलवे को 31 अक्टूबर तक जांच पूरी करनी होगी। अभियान खत्म होने के 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजनी होगी। ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि टिकट के साथ सही पहचान पत्र भी रखें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button