RAIPUR BUSINESSMAN DEATH | रायपुर कारोबारी की ताज होटल में संदिग्ध मौत

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायपुर के कारोबारी और राइस मिलर दीपक कुमार मित्तल की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को होटल के कमरे में बेहोश मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
मार्कफेड की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, दीपक मित्तल पंजाब सरकार को राशन किट की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार थे। वे मार्कफेड की एक बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ पहुंचे थे और ताज होटल में ठहरे हुए थे।
बुधवार को होटल का वेटर उनके कमरे में पहुंचा, तो वे बिस्तर पर बेहोश पड़े मिले। होटल प्रबंधन की सूचना पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की।

कमरे में शराब और दवाइयां मिलने से बढ़ी जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन या दवाइयों की ओवरडोज से मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रात में कमरे में आई थी युवती
जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से एक रात पहले एक युवती कारोबारी के कमरे में आई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
फिलहाल मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। अभी तक मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



