chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | पटवारियों पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, 150 से ज्यादा सस्पेंड!

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और तेज हो गई है। धान खरीदी का समय नजदीक आने के बीच सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। एक हजार से ज्यादा पटवारियों को काम पर लौटने का नोटिस दिया गया है, जबकि 150 से अधिक पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है।

प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। बिलासपुर संभाग के 259 और सरगुजा संभाग के 819 पटवारियों सहित एक हजार से ज्यादा कर्मचारियों को नोटिस जारी कर काम पर लौटने की चेतावनी दी गई है। तय समय में काम पर नहीं लौटने पर एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है।

पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप का कहना है कि पीवी ऐप की तकनीकी खामियां दूर करने, वेतन विसंगति खत्म करने और आरआई पद पर पदोन्नति की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

हड़ताल का असर अब सरकारी कामकाज और किसानों पर भी पड़ने लगा है। डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, एग्रीस्टैक, किसान अभिलेख सत्यापन और नामांतरण-बंटवारे के काम प्रभावित हैं। खेतों का सर्वे नहीं होने से धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।

इधर, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सरकार से पटवारियों के साथ बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने दंडात्मक कार्रवाई के बजाय पीवी ऐप की समस्या दूर करने और लंबित मांगों पर चर्चा करने की अपील की है।

अब सवाल है कि धान खरीदी से पहले सरकार और पटवारियों के बीच बातचीत से कोई रास्ता निकलेगा या किसानों की मुश्किलें और बढ़ेंगी?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button