AMIT JOGI VIDEO CONTROVERSY | अमित जोगी के वीडियो पर बवाल, BJP पहुंची थाने!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की है।
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों के जरिए सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने वीडियो अपने अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। जोगी ने कहा कि किसी निजी रिश्ते या स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते। उन्होंने आहत लोगों से माफी भी मांगी।
वहीं, भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर बनाए गए वीडियो से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने वीडियो की पटकथा लिखने वालों, कैमरामैन और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कदम उठाती है।



