MAHADEV BETTING CASE | महादेव सट्टा केस में हर महीने किसे मिलते थे 1 करोड़?

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब कथित प्रोटेक्शन मनी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर केंद्रित है। कस्टोडियल रिमांड में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान एबिक्स कंपनी की खरीद और पैसों के लेन-देन को लेकर अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।
जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर बताया कि एबिक्स कंपनी विकास गर्ग से खरीदी गई थी। आरोप है कि इस कंपनी और दूसरी फर्मों के जरिए अवैध कमाई को निवेश के रूप में दिखाकर एक कंपनी से दूसरी कंपनी में ट्रांसफर किया जाता था, ताकि पैसों के असली स्रोत को छिपाया जा सके।
मामले में हर महीने करीब एक करोड़ रुपये की कथित प्रोटेक्शन मनी का भी जिक्र सामने आया है। बताया गया है कि हर 15 दिन में 50 लाख रुपये दिए जाते थे। ED अब इस रकम के कथित लाभार्थियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
उधर, रायपुर की पीएमएलए कोर्ट ने फरार आरोपी अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। एजेंसी ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने के लिए भी आवेदन दिया है। वहीं, विशाल के भाई धीरज आहुजा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत अर्जी लगाई है। उस पर सौरभ की करीब 200 करोड़ रुपये की शादी में गेस्ट बुकिंग संभालने का आरोप है।
सौरभ चंद्राकर की रिमांड 19 नवंबर को खत्म होने के बाद आज उसे विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।



