CHHATTISGARH | 19 लोगों की जान लेने वाला हाथी कबरा आखिरकार ट्रेंकुलाइज!

अंबिकापुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीनों से दहशत फैलाने वाले उत्पाती हाथी ‘कबरा’ को वन विभाग की टीम ने आखिरकार ट्रेंकुलाइज कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी के नीचे दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से उसे बेहोश किया गया। इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, कबरा 17 हाथियों के झुंड में शामिल था। ऐसे में उसे सुरक्षित तरीके से बेहोश करना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में पहुंचा। इसके बाद बुधवार सुबह टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंची। यहां वन्यजीव चिकित्सक ने ट्रेंकुलाइजर गन से कबरा को डॉट मारा। दवा का असर होते ही वह बेहोश हो गया।
इससे पहले सोमवार को भी उसे पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन निशाना चूकने से अभियान नाकाम रहा। लगातार छह दिनों की निगरानी और कोशिशों के बाद बुधवार को टीम को सफलता मिली।
अब कबरा के गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा के मुताबिक, जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है। फिलहाल उसे सुरक्षित तरीके से वहां पहुंचाना वन विभाग के सामने अगली चुनौती है।



