CHHATTISGARH | डॉक्टरों के मानदेय पर सरकार का बड़ा कदम!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बॉन्डेड MBBS और PG डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी की उम्मीद बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मानदेय की समीक्षा और संशोधन के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को 15 कार्यदिवस के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी होंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने 14 नवंबर को समिति गठन का आदेश जारी किया था। यह फैसला इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क (IMA JDN) की मांग के बाद लिया गया है।

दरअसल, संगठन ने स्वास्थ्य विभाग को दिए प्रतिवेदन में कहा था कि बॉन्डेड डॉक्टरों को मिलने वाला मौजूदा मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और कठिन कार्य परिस्थितियों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। संगठन ने ग्रामीण, दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए क्षेत्र के आधार पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की मांग भी की थी।
कौन-कौन हैं समिति में शामिल?
समिति की अध्यक्षता अपर संचालक इंद्रजीत वर्मा करेंगे। इसमें संयुक्त संचालक प्रेमलता चंदेल, उप संचालक देवेंद्र प्रधान, डॉ. अभिजीत बनर्जी, सहायक लेखा अधिकारी कोमल टंडन और डाटा एंट्री ऑपरेटर दुर्गेश कुमार गुप्ता सदस्य बनाए गए हैं।
समिति बॉन्डेड MBBS और PG विशेषज्ञ डॉक्टरों के मौजूदा मानदेय की समीक्षा कर संशोधन की अनुशंसा करेगी।
अब डॉक्टरों की नजर समिति की रिपोर्ट पर है। मानदेय में कितनी बढ़ोतरी होगी और नई व्यवस्था कब लागू होगी, इसका फैसला रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार करेगी।



