RAIPUR EXTORTION CASE | 25 करोड़ रंगदारी मामले में अपडेट!

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए CJM और ADJ कोर्ट से जारी आदेशों पर रोक लगा दी है। जस्टिस पीपी साहू की एकल पीठ ने सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।
हाईकोर्ट ने 27 सितंबर को रिमांड कोर्ट द्वारा शोएब को दी गई जमानत के फैसले को सही माना है। दरअसल, रिमांड कोर्ट ने गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेजों में खामियां मिलने और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने के बाद उसे जमानत दी थी। पुलिस ने इस फैसले को चुनौती दी, जिसके बाद CJM कोर्ट ने जमानत रद्द कर दोबारा गिरफ्तारी के आदेश दिए। ADJ कोर्ट ने भी इस आदेश को बरकरार रखा था।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज FIR से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से WhatsApp पर धमकी भरे मैसेज भेजकर 25 करोड़ रुपए मांगे गए थे। जांच के बाद शोएब को आरोपी बनाया गया था।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सवालों में रही। दो सिपाहियों को पहले लाइन अटैच और बाद में निलंबित किया गया। वहीं, जांच रिपोर्ट के आधार पर TI विनीत दुबे को भी सस्पेंड किया गया है।
हाईकोर्ट के ताजा आदेश से फिलहाल शोएब की दोबारा गिरफ्तारी पर रोक लग गई है। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी से जुड़े विवाद पर अब आगे की कानूनी प्रक्रिया अहम होगी।



