chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

TS SINGHDEO LETTER | बारिश से धान की फसल बर्बाद, सिंहदेव ने CM को लिखा पत्र!

 

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और कटाई के बाद खलिहानों में रखी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। अब पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है।

23 नवंबर को लिखे पत्र में सिंहदेव ने कहा कि 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बारिश और ओलावृष्टि से धान की फसल प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि धान प्रदेश के अधिकांश किसानों और उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है। ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।

नुकसान के आकलन पर उठाए सवाल

सिंहदेव ने विभागीय आकलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों से मिली जानकारी के मुताबिक नुकसान शून्य दिखाया जा रहा है, जबकि तूफान के दौरान कई खेतों में धान की फसल प्रभावित हुई। उनके अनुसार, कुछ इलाकों में केवल 30 प्रतिशत फसल की कटाई हुई थी, जबकि करीब 70 प्रतिशत फसल खेतों में खड़ी थी।

उन्होंने निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग

सिंहदेव ने धान खरीदी की समय-सीमा 15 फरवरी तक बढ़ाने, फसल बीमा के लंबित दावों का जल्द भुगतान करने और टमाटर, गोभी, खीरा व लौकी जैसी सब्जियों की बर्बाद फसल का भी मुआवजा देने की मांग की है।

उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तकनीकी दिक्कतों को दूर करने की भी अपील की है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button