RAIPUR INCOME TAX RAID | 18 लॉकर खुले तो मिला 20 करोड़ का खजाना!

रायपुर। आयकर विभाग की कार्रवाई में पीआरए और बर्बरीक ग्रुप से जुड़े कारोबारियों के 18 बैंक लॉकरों से करीब 20 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। इस बरामदगी के बाद अब विभाग की जांच का फोकस इन संपत्तियों के मालिकाना हक और खरीद के स्रोत पर है।
चार राज्यों के 50 ठिकानों पर छापेमारी
इससे पहले आयकर विभाग ने दोनों समूहों से जुड़े कारोबारियों और संस्थाओं के चार राज्यों में करीब 50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए थे।
इसके बाद रायपुर के अलग-अलग बैंकों में रखे 18 लॉकरों की जांच की गई। इनमें करीब 20 करोड़ रुपये के कीमती आभूषण मिले। अब अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि इन गहनों का वास्तविक मालिक कौन है और इन्हें खरीदने के लिए रकम कहां से आई।
आयकर रिटर्न से होगा संपत्ति का मिलान
विभाग की टीम बरामद आभूषणों की सूची का समूह के बही-खातों और पुराने आयकर रिटर्न से मिलान कर रही है। साथ ही खरीद के बिल, भुगतान के रिकॉर्ड और संपत्ति की घोषित जानकारी भी जांची जा रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद संपत्ति की जानकारी आयकर विवरणियों में दी गई थी या नहीं। दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।



