RAIPUR CRIME | संजय नगर में पांच मौतों का राज 7 महीने बाद खुला …

रायपुर. रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला करीब सात महीने बाद सुलझ गया है। एसआईटी की जांच में सामने आया कि परिवार के मुखिया साजिद अली ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर मार डाला था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर जान दे दी थी।
यह मामला 17 जुलाई को टिकरापारा थाना क्षेत्र के मदनी चौक का है। किराए के मकान में साजिद, उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद, शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन के शव मिले थे। साजिद का शव फांसी पर लटका था, जबकि बाकी चारों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी।
सट्टे में घाटा बना वजह?
एसआईटी के मुताबिक, साजिद मोबाइल के जरिए गोलबाजार और डगनिया इलाके में सट्टे का कारोबार करता था। जांच में पिछले पांच साल के दौरान उसके बैंक खातों में करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन मिला। सट्टे का कारोबार बंद होने और आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान था।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन साजिद ने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह मिठाई और खाना भी लेकर आया। आरोप है कि उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी और बच्चों को दे दिया।
सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह 10:18 बजे आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करता दिखा। पुलिस ने एसआईटी की जांच के आधार पर साजिद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। करीब पांच महीने चली जांच के बाद यह मामला सामूहिक मौत से हत्या के खुलासे तक पहुंचा।



