chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

AYUSHMAN BHARAT YOJANA | निजी अस्पतालों में 112 इलाज बंद

 

रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब निजी अस्पतालों में 112 तरह की बीमारियों का इलाज आयुष्मान कार्ड के जरिए नहीं हो सकेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने इन बीमारी पैकेजों को निजी अस्पतालों के लिए हटाने का निर्देश दिया है। हालांकि, सरकारी अस्पतालों में इनका इलाज पहले की तरह जारी रहेगा।

एसोसिएशन ऑफ हेल्थ प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के मुताबिक, पहले सरकारी अस्पतालों के लिए 23 पैकेज आरक्षित थे। अब इनमें 89 नए पैकेज जोड़ दिए गए हैं। यानी कुल 112 पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित होंगे।

हटाए गए पैकेजों में मोतियाबिंद, फ्रैक्चर, लिवर की बीमारियां, हाई रिस्क डिलीवरी, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े उपचार, गंभीर एनीमिया, मलेरिया, चिकनगुनिया, हेपेटाइटिस और सिस्ट-फिस्टुला की सर्जरी जैसे इलाज शामिल हैं।

NHA ने राज्यों को 1 दिसंबर 2026 तक नई व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इस फैसले के पीछे आयुष्मान योजना में अनियमितताओं और फर्जी क्लेम की शिकायतों को वजह बताया जा रहा है। आरोप हैं कि कुछ अस्पतालों में मरीजों को अनावश्यक भर्ती करने और जबरन इलाज कराने जैसी गड़बड़ियां हुईं।

योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलता है। ऐसे में निजी अस्पतालों से 112 पैकेज हटने के बाद मरीजों को इन बीमारियों के इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों पर अधिक निर्भर रहना पड़ सकता है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button