CG GOVT EMPLOYEES NEWS | अफसरों की ट्रेनिंग में आया बड़ा ट्विस्ट!

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार अब अधिकारियों और कर्मचारियों को सिर्फ सरकारी कामकाज ही नहीं, बल्कि तनाव से निपटने और बेहतर कार्यक्षमता के लिए भी ट्रेनिंग देगी। इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग को शामिल किया गया है।
इस ट्रेनिंग में योग, प्राणायाम और ध्यान के साथ तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और बेहतर निर्णय लेने जैसे विषयों पर फोकस रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने कई प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थाओं को आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से यह विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए अधिकृत किया है। इसमें छत्तीसगढ़ शासन अकादमी, राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, पुलिस प्रशिक्षण संस्थान और लेखा प्रशिक्षण शाला शामिल हैं।
खास बात यह है कि प्रशिक्षण का खर्च अलग से नहीं दिया जाएगा। संबंधित विभाग अपने निर्धारित प्रशिक्षण बजट से इसका खर्च वहन करेंगे।
ट्रेनिंग में योग और प्राणायाम के अलावा सुदर्शन क्रिया, ध्यान, एकाग्रता, प्रभावी संवाद, टीम लीडरशिप, रचनात्मक सोच और निर्णय लेने की क्षमता पर भी काम किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को काम के दबाव और तनाव से बेहतर तरीके से निपटने के साथ-साथ नागरिक-केंद्रित और प्रभावी प्रशासन के लिए तैयार करना है।



