CHHATTISGARH | DMF घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 31.70 करोड़ की संपत्ति कुर्क!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के DMF निधि गबन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर आंचलिक कार्यालय ने 31.70 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर ली हैं। इसके साथ ही 17 आरोपियों के खिलाफ विशेष PMLA कोर्ट में पूरक अभियोजन शिकायत भी दाखिल की गई है।
ED ने 29 अक्टूबर 2026 को कुर्की आदेश जारी किया, जबकि 30 अक्टूबर को रायपुर की विशेष अदालत में सतपाल सिंह चाबड़ा, मंदीप चावला समेत 15 अन्य लोगों के खिलाफ पूरक चार्जशीट पेश की गई।
25 से 50 फीसदी तक कमीशन का आरोप
ED की जांच के मुताबिक, खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और कल्याण के लिए मिलने वाली DMF राशि में कथित तौर पर संगठित तरीके से गड़बड़ी की गई। आरोप है कि अधिकारियों, एजेंटों और लायजनरों के सिंडिकेट ने सामान की खरीद लागत बढ़ाकर दिखाई और कंपनियों को जारी पर्चेज ऑर्डर पर 25 से 50 फीसदी तक कमीशन वसूला।
जांच एजेंसी का दावा है कि कमीशन की रकम नकद और बैंकिंग माध्यमों से जुटाकर अलग-अलग खातों में घुमाई गई। इस मामले में अपराध की आय करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।
IAS रानू साहू समेत 4 गिरफ्तार
ED के मुताबिक, सिंडिकेट के प्रमुख लायजनर बताए गए सतपाल सिंह चाबड़ा को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। निलंबित IAS अधिकारी रानू साहू समेत अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस प्रकरण में अब तक करीब 50 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।



