chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | रंग लाया छात्रों का विरोध, GGU ने री-एग्जाम नोटिफिकेशन लिया वापस

 

बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में छात्रों के विरोध के बाद BA-LLB छठे सेमेस्टर की री-एग्जाम अधिसूचना रद्द कर दी गई है। 27 जुलाई को होने वाली परीक्षा को लेकर छात्र लगातार विरोध कर रहे थे।

छात्रों का कहना था कि दोबारा परीक्षा के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया। साथ ही उन्होंने पेपर लीक मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और री-एग्जाम के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की।

विरोध बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन पहुंच गए और विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने चेतावनी दी थी कि अगर री-एग्जाम का नोटिफिकेशन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की अधिसूचना रद्द करने का फैसला लिया।

बता दें कि करीब दो महीने पहले GGU के समर्थ पोर्टल से पेपर लीक की आशंका का मामला सामने आया था। इसके बाद मई में हुई परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम का शेड्यूल जारी किया गया था।

जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 6 जून को रिपोर्ट सौंप दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक समर्थ पोर्टल हैक नहीं हुआ था, बल्कि लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए प्रश्नपत्र और अन्य डेटा लीक होने की बात सामने आई है। कमेटी ने पुलिस जांच की सिफारिश भी की है।

अब छात्र जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में विश्वविद्यालय की विभागीय जांच और संभावित पुलिस जांच पर भी नजर बनी हुई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button