CHHATTISGARH | दिवाली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा DA एरियर? सरकार से उठी मांग!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते को लेकर फिर मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने केंद्र सरकार के समान लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) एरियर सहित दीपावली से पहले देने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र भेजा गया है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने शासन से जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। फेडरेशन के मुताबिक, प्रदेश के कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जो केंद्र सरकार की दर से 2 प्रतिशत कम है।
फेडरेशन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को परिवार की जरूरतें पूरी करने में आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबित DA का भुगतान संबंधित देय तिथि से एरियर सहित किया जाना चाहिए।
फेडरेशन ने अपने पत्र में भाजपा के घोषणा पत्र का भी हवाला दिया है, जिसमें कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किए जाने की बात कही गई है।
मांग नहीं मानी तो मंत्रालय घेराव की तैयारी
फेडरेशन के अनुसार, 6 सितंबर को हुई प्रांतीय बैठक में दीपावली से पहले DA एरियर जारी कराने के लिए शासन को पत्र लिखने का फैसला लिया गया था। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ, तो मंत्रालय घेराव किया जा सकता है।
अब कर्मचारियों और पेंशनरों की नजर शासन के फैसले पर है। हालांकि, फिलहाल DA एरियर जारी करने को लेकर सरकार की ओर से किसी निर्णय की जानकारी नहीं दी गई है।



