STOCK MARKET CRASH | शुक्रवार को शेयर बाजार में बड़ी तबाही

रायपुर डेस्क। शुक्रवार को शेयर बाजार खुलते ही निवेशकों के होश उड़ गए। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में ऐसी बिकवाली देखने को मिली कि सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 24,000 के अहम स्तर के नीचे फिसल गया।
सबसे ज्यादा मार IT सेक्टर पर पड़ी। Infosys, TCS, Tech Mahindra और HCL Tech जैसे दिग्गज शेयर खुलते ही धड़ाम हो गए। कई IT कंपनियों के शेयरों में 5% से 8% तक की गिरावट दर्ज की गई।
BSE सेंसेक्स 77,409 के पिछले बंद स्तर से गिरकर 76,605 तक पहुंच गया। वहीं NSE निफ्टी भी 24,168 से फिसलकर 23,939 के करीब पहुंच गया। बाजार में लाल निशान इतना हावी रहा कि 1300 से ज्यादा शेयर गिरावट के साथ खुले।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस बड़ी गिरावट की वजह ग्लोबल IT सेक्टर से आई नकारात्मक खबर है। दुनिया की बड़ी IT सर्विस कंपनी Accenture ने FY2026 के लिए अपना ग्रोथ अनुमान घटा दिया है। इसके बाद विदेशी बाजारों में IT शेयरों की बिकवाली बढ़ी और उसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।
अमेरिका में Infosys ADR करीब 10% और Wipro ADR 3% से ज्यादा टूटे थे। इसी वजह से भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में भी भारी दबाव देखने को मिला।
बाजार खुलने के साथ ही निवेशकों के करोड़ों रुपये स्वाहा हो गए और पूरे दिन IT सेक्टर पर सभी की नजरें टिकी रहीं।



