FAKE CANCER MEDICINE SCAM | कैंसर की दवा में पानी!

रायपुर। दिल्ली में कैंसर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने करीब 9 करोड़ रुपये के कथित नकली कैंसर दवा रैकेट का खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक, मरीज जिस एवालुमैब इंजेक्शन को ब्लैक मार्केट में करीब 1 लाख रुपये तक में खरीद रहे थे, उसकी जांच में कैंसर से लड़ने वाला मूल इंग्रीडिएंट शून्य मिला। यानी इंजेक्शन में दवा की जगह सिर्फ पानी होने का खुलासा हुआ।
क्राइम ब्रांच ने 7 राज्यों में फैले इस कथित नेटवर्क में 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। 588 भरे एंटी-कैंसर वायल, 6 खाली वायल, 3,021 अन्य दवाएं और करीब 50 लाख रुपये कैश बरामद किए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि गिरोह नकली दवाओं के अलावा अस्पतालों और सरकारी संस्थानों की दवाओं की कथित हेराफेरी कर उन्हें ब्लैक मार्केट में बेचता था। असली कार्टन और खाली बॉक्स में दवाओं की रीपैकिंग कर बैच नंबर और MRP जैसी जानकारी भी मिटाई जाती थी।
अब पुलिस पूरे नेटवर्क और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल है, कैंसर मरीजों तक ये नकली दवाएं आखिर कब से पहुंच रही थीं?



